
Khandwa खंडवा (जनक्रांति न्यूज़) जावेद एलजी– आगामी दिनों में मनाये जाने वाले ईदुज्जुहा एवं गुरू पूर्णिमा पर्व को शांति व सद्भाव के साथ मनाने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक कलेक्टर श्री अनूप कुमार सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। उन्होंने इस अवसर पर नागरिकों से अपील की कि इन धार्मिक पर्वों को आपसी सद्भाव एवं शांति पूर्वक मनायें। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सीमा अलावा, एसडीएम खण्डवा श्री अरविंद चौहान, सीएसपी श्री पूनमचंद यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी व शांति समिति के सदस्यगण मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने आश्वस्त किया कि इन पर्वों के दौरान प्रकाश व्यवस्था, मार्गो की मरम्मत, शौचालयों की व्यवस्था तथा शहर की स्वच्छता व पेयजल जैसे सभी कार्य बेहतर तरीके से सम्पन्न किए जायेंगे और प्रयास किया जायेगा कि इन पर्वों के दौरान नागरिकों को कोई परेशानी न हो।

कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन पर्वों को ध्यान में रखते हुए पानी, सफाई, सड़कों के गड्डें भरने, आवारा पशुओं को रोड से हटाने, स्लॉटर हाउस की साफ सफाई एवं पार्किंग व्यवस्था दुरूस्त करें। उन्होंने कहा कि अपने बच्चों को निर्देशित करें कि किसी भी धर्म के बारे में आपत्तिजनक मैसेज न भेजें और न ही फारवर्ड करें। अगर किसी के पास कोई मैसेज आता है तो हमारे संज्ञान में लायें, जो भी कार्यवाही होगी, उसके विरूद्ध की जायेगी। उन्होंने बताया कि शहर में सभी जगह सीसीटीवी कैमरे के द्वारा मॉनिटरिंग की जायेगी है। आप लोग सभी अपने अपने त्यौहार शांति पूर्ण तरीके से मनाएं।





