रीवा (जनक्रांति न्यूज़) एच एल विश्वकर्मा:रीवा, संभाग का प्रशासनिक मुख्यालय है। इस संभाग में रीवा, सतना, सीधी और सिंगरौली जिले शामिल हैं। यह संभाग मध्य प्रदेश के बघेलखंड क्षेत्र का एक हिस्सा है। संभाग में 4 जिले हैं- रीवा, सतना, सीधी तथा सिंगरौली। पांचवा जिला मऊगंज होगा, जो रीवा जिले से अलग होकर मध्य प्रदेश का 53वां जिला बनाया जाएगा। मिली जानकारी के मुताबिक सीएम शिवराज सिंह चौहान आगामी 4 मार्च को मऊगंज आकर स्वयं ही मऊगंज को जिला बनाए जाने की घोषणा करेंगे। इसी के साथ सतना जिले के मैहर को भी जिला बनाए जाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। वहीं मध्यप्रदेश में बीना, नागदा तथा चाचौड़ा को भी जिला बनाए जाने की मांग उठ रही है।
काफी लंबे समय बाद मध्यप्रदेश में एक बार फिर नए जिले बनाने की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आगामी 4 मार्च को रीवा जिले के मऊगंज में आयोजित एक कार्यक्रम में मऊगंज को जिला बनाने की घोषणा कर सकते हैं। इसकी सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। रीवा जिले में वर्तमान में 8 विधानसभा क्षेत्र हैं। मऊगंज जिला बनने के बाद मऊगंज, त्योंथर, देवतालाब व मनगवां विधानसभा क्षेत्र में नए जिले में शामिल किए जाएंगे, जबकि रीवा, गुढ, सिरमौर और सेमरिया विधानसभा क्षेत्र रीवा जिले में ही रहेंगे। इसी तरह तहसीलों का भी बंटवारा किया जाएगा।
बता दें कि मऊगंज प्रदेश का 53वां जिला बनेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सन 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान मऊगंज को जिला बनाने की घोषणा की थी। चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मऊगंज को जिला बनाने की घोषणा ठंडे बस्ते में चली गई थी। कांग्रेस की कमलनाथ सरकार के जाने और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद से मऊगंज को जिला बनाने की मांग ने जोर पकड़ लिया था।
मध्य प्रदेश में कुल जिलों की वर्तमान संख्या 52 है। जानकारी के अनुसार 18 मार्च 2020 को तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 3 नए जिले उज्जैन में नागदा, गुना में चाचौड़ा और सतना में मैहर को नया जिला बनाने की घोषणा की थी, लेकिन कांग्रेस की सरकार जाने के बाद इस प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
संभाग अनुसार मध्यप्रदेश के वर्तमान जिले
1.भोपाल संभाग- भोपाल, राजगढ़, रायसेन, विदिशा, सीहोर।
2. चंबल संभाग- श्वयोपुर, मुरैना, भिंड।
3. ग्वालियर संभाग- अशोकनगर, गुना, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी।
4. इंदौर संभाग- अलीराजपुर, इंदौर, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, धार, बुरहानपुर, बड़वानी।
5.जबलपुर संभाग- छिंदवाड़ा, कटनी जबलपुर, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, नरसिंहपुर, सिवनी।
6.नर्मदापुरम संभाग- बैतूल, हरदा, होशंगाबाद।
7. रीवा संभाग- रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली।
8. सागर संभाग- छतरपुर, टीकमगढ़, दमोह, पन्ना, सागर व निवाड़ी जिला।
9. शहडोल संभाग- शहडोल, अनूपपुर, उमरिया जिला।