निवाली/बड़वानी (सुनील सोनी)। बड़वानी जिले के पानसेमल तहसील अंतर्गत ग्राम मोरतलाई के निवासी और ऑलराउंडर दिव्यांग क्रिकेटर श्री जितेंद्र विनोद वाघ ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारतीय दिव्यांग क्रिकेट कण्ट्रोल बोर्ड ऑफ़ इंडिया (DCCBI) ने उन्हें अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के लिए चयनित किया है।
जितेंद्र वाघ का यह चयन उनकी प्रतिभा और लगन का परिणाम है, जिससे न केवल मोरतलाई, बल्कि पूरे बड़वानी जिले का नाम रोशन हुआ है।
रांची में दिखाएंगे अपना जलवा
दिव्यांग क्रिकेट बोर्ड के चयनकर्ताओं ने उम्मीद जताई है कि जितेंद्र वाघ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में ऑलराउंडर की भूमिका में टीम के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध होंगे।
यह आगामी अंतर्राष्ट्रीय मैच 13, 14 और 16 दिसंबर को रांची, झारखंड में आयोजित किए जाएंगे, जहाँ जितेंद्र वाघ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं
जितेंद्र वाघ की इस शानदार उपलब्धि पर, कलेक्टर बड़वानी श्रीमती जयती सिंह और सामाजिक न्याय उपसंचालक रौनक सोलंकी ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। उन्होंने जितेंद्र को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया है।
यह खबर दिव्यांग खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने वाली है, जो यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है।

👉 ताज़ा अपडेट और स्थानीय खबरों के लिए जुड़े रहें MP Jankranti News के साथ।






