देवास। किसानों की समस्याओं को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए नारेबाजी करते हुए कार्यालय परिसर पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा मक्का फसल का समर्थन मूल्य बढ़ाने और खाद की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग थी।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनीष चौधरी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रयास गौतम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि किसानों को खाद की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे फसलों की वृद्धि पर सीधा असर पड़ता है। किसानों को कई बार घंटों लाइन में लगना पड़ता है, फिर भी पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पाती।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी ने कहा कि किसानों को मक्का का उचित समर्थन मूल्य मिलना चाहिए, क्योंकि बढ़ती लागत के बावजूद किसानों को उनका हक नहीं मिल रहा। उन्होंने बताया कि खाद संकट लंबे समय से किसानों की परेशानियों को और बढ़ा रहा है, जिसे दूर करने के लिए सरकार को तत्काल कदम उठाने चाहिए।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों को जल्द राहत नहीं मिली, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
रिपोर्ट: भालचंद्र तिवारी

👉 ताज़ा अपडेट और स्थानीय खबरों के लिए जुड़े रहें MP Jankranti News के साथ।






