Khandwa: विकास यात्रा में BJP विधायक का विरोध, विकास यात्रा में लगे मुर्दाबाद के नारे

By
On:
Follow Us


मध्य प्रदेश के खंडवा में विकास यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने भाजपा विधायक के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। ग्रामीणों का आरोप है कि भाजपा विधायक क्षेत्र में कोई विकास कार्य किए बगैर ही विकास यात्रा निकाल रहे हैं। खंडवा के पंधाना विधानसभा से विधायक राम दांगोरे की विकास यात्रा के दौरान ग्राम गरण गांव में ग्रामीणों ने खूब हंगामा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने पंडाल में मौजूद कुर्सियां भी तोड़ डाली। वहीं, विधायक मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। 



ग्रामीणों ने पंडाल में रखी कुर्सियां इधर उधर फेंकीं

खंडवा में विकास यात्रा के दौरान सभा की कुर्सियां इधर उधर फेंकते स्थानीय

भाजपा विधायक राम दांगोरे ने इस मामले पर एक वीडियो जारी कर कहा कि गरण गांव में जो विरोध हुआ है वह जयस संगठन के कार्यकर्ताओं ने किया है। विधायक ने कहा कि जनरल बिपिन रावत के हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद जयस संगठन के कार्यकर्ताओं ने खुशियां मनाई थीं जिसके खिलाफ उन पर केस दर्ज किया गया था।


उन्होंने कहा कि विकास यात्रा के दौरान जयस के कार्यकर्ता उस मामले में दर्ज FIR को वापस लेने की मांग कर रहे थे। लेकिन यह मामला देश से जुड़ा हुआ मामला है। इस मामले में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी दोषी हैं उन पर कार्रवाई की जा रही है, और जो उनका सहयोग करेगा उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस के मीडिया प्रभारी प्रेमांशु जैन ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के झूठे वादे जनता समझ चुकी है। आज गांव में विकास कार्य नहीं हो रहा है। जो काम हुए हैं वह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी की विकास यात्रा मजाक बनकर रह गई है। कांग्रेस शासनकाल में युवाओं को रोजगार और गांव का विकास कमलनाथ जी की पहली प्राथमिकता थी।


मध्य प्रदेश में बीजेपी की विकास यात्रा स्थानीय विधायकों का रिपोर्ट कार्ड साबित हो रही है। आए दिन विकास यात्रा में स्थानीय नागरिकों के विरोध की खबरें आने लगी हैं। ऐसे में यही माना जा रहा है कि इसी रिपोर्ट के आधार पर विधायकों के टिकट भी निर्धारित होंगे। खंडवा में भाजपा का अच्छा खासा वर्चस्व है। ऐसे में अब यहां स्थानीय भाजपा विधायकों के खिलाफ जनता मुखर होने लगी है। पहले खंडवा विधानसभा से विधायक देवेंद्र वर्मा के खिलाफ स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, अब खंडवा की पंधाना विधानसभा से विधायक राम दांगोरे के खिलाफ ग्रामीण विरोध में उतर आए हैं।

Jankranti

MP Jankranti News — मध्यप्रदेश की 7.33 करोड़ जनता की आवाज़। बिना भेदभाव के खबरें, समस्याएं और समाधान सीधे आप तक।

For Feedback - newsmpjankranti@gmail.com

Related News

Leave a Comment