
मनावर (जनक्रांति न्यूज़) फिरोज खान आरके सिंघाना: मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी, संस्कृति परिषद, संस्कृति विभाग के तत्त्वावधान में ज़िला अदब गोशा, बड़वानी के द्वारा सिलसिला एवं तलाशे जौहर के तहत मोहम्मद नईम क़ुरैशी और रौशन खां दीवाना की स्मृति में स्मृति प्रसंग एवं रचना पाठ का आयोजन 8 जुलाई 2023 को दोपहर 3:00 बजे से इक़रा भवन, पूजा स्टेट कॉलोनी, बड़वानी में ज़िला समन्वयक सैयद रिज़वान अली के सहयोग से किया जाएगा।
उर्दू अकादमी की निदेशक डॉ. नुसरत मेहदी के अनुसार उर्दू अकादमी द्वारा सिलसिला के तहत प्रदेश के सभी ज़िलों में काव्य, साहित्यिक एवं सांगीतिक गोष्ठियां आयोजित की जा रही है। इस वर्ष ज़िलावार सिलसिला एवं तलाशे जौहर कार्यक्रम उन ज़िलों के दिवंगत रचनाकारों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित किये गए हैं। अकादमी द्वारा प्रदेश के समस्त ज़िलों में अपने समन्वयकों के माध्यम से ऐसी हस्तियों के नाम ढूंढ कर उनकी स्मृति में कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इस कड़ी का छटा कार्यक्रम बड़वानी में 8 जुलाई को आयोजित हो रहा है जिसमें बड़वानी ज़िले के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों, तहसीलों एवं बस्तियों के ऐसे स्थापित शायर एवं साहित्यकार अपनी प्रस्तुति देंगे जिन्हें अकादमी के मंचों पर प्रस्तुति का कम अवसर मिला है। ‘
कार्यक्रम का संचालन क़यामुद्दीन क़याम द्वारा किया जाएगा।
उर्दू अकादमी की निदेशक डॉ नुसरत मेहदी ने बड़वानी के सभी कला एवं साहित्य प्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है।





