खरगोन जिले के बड़वाह में यात्री बस पलटने से 3 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में 43 लोग घायल हुए हैं। इनमें 7 गंभीर घायलों को इंदौर रेफर किया है। इनमें एक यात्री का हाथ धड़ से अलग हो गया है। यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर तेज गति से बस चला रहा था। ओवरटेक करने के दौरान बस बेकाबू होकर पलट गई।
हादसा बड़वाह से करीब 7 किलोमीटर दूर सुबह करीब साढ़े 11 बजे बागफल और मनिहार के बीच हुआ। यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर शराब पिया हुआ था। बड़वाह की ओर जाते समय ड्राइवर तेज गति से बस चला रहा था। इसी दौरान एक कार को ओवरटेक करते समय बस बेकाबू हो गई और पलट गई। बस 38 सीटर थी, जिसमें 45 यात्री सवार थे। मरने वाले यात्रियों में दो पुरुष और एक महिला है। इनमें छेगांव माखन के रहने वाले श्रवण की पहचान हो पाई है। बाकी दो मृतक के बारे में पता लगाया जा रहा है।
तीन बार पलटी खाई बस, काटों में घुस गई
इंदौर के चंदन नगर में रहने वाले असरद मंसूरी भी बस में थे। असरद बस से सनावद जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बस में भीड़ ज्यादा होने की वजह से वे बोनट पर बैठे थे। ड्राइवर बहुत स्पीड में बस चला रहा था। उसे कई बार धीमे चलाने के लिए कहा। बस दो बार सड़क से नीचे भी उतरी। इसके बाद ड्राइवर ने कार को आवरटेक किया। इसमें बस का एक पहिया रोड से नीचे उतर गया। ड्राइवर ने बस को वापस रोड पर चढ़ाने की कोशिश, लेकिन वह नियंत्रण खो बैठा। बस वापस रोड पर नहीं चढ़ी। रफ्तार ज्यादा होने से बस तीन बार पलटी खाई और काटों वाली झाड़ियों में घुस गई।