
#खेलों_इंडिया_2022 के अंतर्गत सहस्त्रधारा पर चल रही कैनो स्लेलॅम प्रतियोगिता में दूसरे दिन दोनों वर्ग में मप्र ने स्वर्ण पदक जीते हैं। प्राकृतिक जल धारा में पुरुष वर्ग में सीहोर के किसान पुत्र विशाल वर्मा ने कैनो में और मप्र खेल अकादमी की ओर से भूमि बघेल ने कयाक में स्वर्ण पदक जीते हैं। प्रतियोगिता के दूसरे दिन पुरुष वर्ग में कैनो और महिला वर्ग की कयाक प्रतियोगिताएं हुई। विशाल ने ट्रैक के पूरे 18 गेट 80.870 सेकेण्ड में और भूमि ने 18 गेट 90.060 सेकेण्ड में पार किये। पुरुष वर्ग में कर्नाटक के कार्तिक एस ने रजत, आंध्रप्रदेश के वेमुला कुमार ने कांस्य पदक जीता है। जबकि आंध्रप्रदेश की नगिडी ग्यातरी ने रजत और महाराष्ट्र की जहान्वी रायकवार ने कांस्य पदक जीता है।
कभी न हार मानने वाली भूमि ने मप्र को दिलाया स्वर्ण
मप्र खेल अकादमी को खेलों इंडिया में स्वर्ण पदक दिलाने वाली भूमि का कहना है कि इस खेल में खासकर प्राकृतिक ट्रैक में ज्यादा पॉवर की आवश्यकता होती है। साथ ही हर खिलाड़ी के पास एक प्लान होना चाहिए व कभी भी गीव अप नहीं करना चाहिए। दिल्ली के आइके स्टेडियम के एक छोटे से पोंड में अपने खेल की शुरुआत करने वाली भूमि वर्ष 2019 से मप्र खेल अकादमी में खेल की तकनीकी ज्ञान प्राप्त किया। इसके बाद भूमि ने थाईलैंड के पटाया में हुई एशियन चैंपियनशिप में कांस्य मेडल पर अपना हक जमाया था। भूमि ने जर्मनी के ओशबर्ग में वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी खेलने का अनुभव है।
किसान पुत्र विशाल ने दिलाया स्वर्ण
सीहोर के एक छोटे से गांव शिकारपुर के किसान परिवार के लाडले खिलाड़ी विशाल वर्मा ने खेलों इंडिया में स्वर्ण जीतकर प्रदेश सहित परिवार का नाम रोशन किया है। विशाल का कहना है कि अब तक महेश्वर में जो नेशनल स्तर की प्रतियोगिता हुई है। उनमें उन्होंने गोल्ड मेडल जीते हैं। आज नेशनल यूथ गेम्स खेलों इंडिया में भी गोल्ड जीतने से आत्म विश्वास बढ़ा है। अभी कक्षा 12 वी की तैयारी करने वाले विशाल वर्मा पिछले 4 वर्षों से मप्र खेल अकादमी में कोचिंग प्राप्त कर रहे हैं। इस दौरान विशाल ने 5 नेशनल और 1 इंटरनेशनल स्तर की प्रतियोगिता में शामिल हुए है। विशाल का कहना है महेश्वर का ट्रैक न सिर्फ भारत मंे बल्कि अब तक उनके अनुभव के आधार पर एशिया का सबसे बढ़िया ट्रेक है। वर्ष 2022 में थाईलैंड के पटाया में हुई इंटरनेशनल कैनो स्लेलॅम में कृत्रिम ट्रेक में प्रतियोगिता हुई थी। जबकि महेश्वर की सहस्त्रधारा में पानी की गति स्थान और दूरी एकदम प्राकृतिक अहसास कराती है। जहां खिलाड़ियों को एक सुखद अनुभव होता है। मैं खुशकिस्मत हूँ कि ऐसी ट्रैक पर खेलों इंडिया-2022 का स्लेलॅम का गोल्ड जीता है। जहां उन्होंने 6 वी 7वी और 8वी नेशनल कैनो स्लेलॅम प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल्स प्राप्त किये हैं। विशाल ने वर्ष 2018 से 2022 के बीच खेली कई नेशनल प्रतियोगिताओं में 5 गोल्ड मेडल्स जीते हैं।