डबल जॉली, डबल कॉमेडी, डबल ड्रामा: साल का सबसे बड़ा कानूनी मुक़ाबला 19 सितंबर को सिनेमाघरों में
मुंबई, 10 Sep 2025: स्टार स्टूडियो18 ने आज अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ का ट्रेलर लॉन्च कर दिया है, जो दर्शकों के बीच उत्साह का माहौल बना रहा है। इस फ़िल्म के साथ भारतीय सिनेमा की सबसे पसंदीदा कोर्ट रूम फ्रेंचाइजी बड़े पर्दे पर लौट रही है, जिसमें पहली बार दोनों ‘जॉली’ आमने-सामने होंगे। इस फ़िल्म में अक्षय कुमार जॉली मिश्रा के रूप में और अरशद वारसी जॉली त्यागी के रूप में कानूनी युद्ध में उतरेंगे, जिससे अदालत का इतिहास बनने वाला है।
‘जॉली एलएलबी 3’ में एक बार फिर जज त्रिपाठी की भूमिका में सौरभ शुक्ला नज़र आएंगे, जिनकी मुश्किलें इस बार दोगुनी होंगी। इनके अलावा, फ़िल्म में हुमा कुरैशी, अमृता राव और गजराज राव भी अपनी अदाकारी का जादू दिखाएंगे, जिससे ड्रामा और भी रोमांचक हो जाएगा। यह फ़िल्म उसी मज़ेदार हास्य, मस्ती और टेंशन को वापस लाती है जिसने इस फ्रेंचाइजी को इतना लोकप्रिय बनाया।

स्टार स्टूडियो18 के बैनर तले बनी इस फ़िल्म का निर्देशन सुभाष कपूर ने किया है। यह फ़िल्म भारत और दुनियाभर में 19 सितंबर 2025 को रिलीज होगी।
ट्रेलर लॉन्च के मौके पर अक्षय कुमार ने कहा, “जॉली मिश्रा बनकर वापस आना मेरे लिए बहुत ख़ास सफ़र रहा। लेकिन असली मज़ा तो तब है जब अदालत में सामने दूसरा जॉली – अरशद का जॉली त्यागी – बैठा हो। हमारी नोकझोंक, कॉमेडी और टकराव ने हर सीन को अप्रत्याशित बना दिया। ट्रेलर तो बस एक झलक है… असली धमाका 19 सितंबर से सिनेमाघरों में शुरू होगा।”
अरशद वारसी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “जॉली त्यागी से ही ये सफ़र शुरू हुआ था। इतने सालों बाद इस किरदार से मिलना ऐसा है जैसे किसी पुराने दोस्त से टकरा जाओ – बस इस बार उस दोस्त से अदालत में भिड़ना भी पड़ेगा। कॉमेडी, तकरार और दिल छू लेने वाले पलों से भरा ये मुक़ाबला दर्शकों को खूब पसंद आएगा।”
अपने लोकप्रिय किरदार जज त्रिपाठी के बारे में सौरभ शुक्ला बोले, “जज त्रिपाठी मेरा सबसे प्यारा किरदार रहा है। लेकिन इस बार जज के लिए मुसीबत भी दोगुनी है – एक ही अदालत में दो-दो जॉली! हंगामा, कॉमेडी और ड्रामा सब कुछ अगले स्तर पर पहुँच गया है। दर्शक खूब हँसेंगे और साथ ही जज की मुश्किलों से भी जुड़ पाएंगे।”
फ़िल्म के निर्देशक सुभाष कपूर ने बताया, “जॉली एलएलबी फ्रेंचाइजी की खासियत हमेशा हँसी और सामाजिक मुद्दे का सही संतुलन रही है। इस बार की चुनौती दोनों जॉली को एक ही कहानी में लाना थी। अक्षय और अरशद की एनर्जी इतनी अलग है कि अदालत सचमुच विचारधारा और व्यक्तित्व का युद्धक्षेत्र बन जाती है।”

आलोक जैन (जियोस्टार) ने कहा, “जॉली एलएलबी 3 सिर्फ़ मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज का आईना भी है। इस बार का टकराव सबसे बड़ा और सबसे भावुक है। यह फ़िल्म हमारे लिए भी ख़ास है क्योंकि यह स्टार स्टूडियो18 के नए रूप में पहली थिएटर रिलीज़ है, और हमारी सोच का आईना, बड़े पैमाने की, किरदारों में जमी हुई और पूरे भारत से जुड़ने वाली कहानियाँ है।”
ट्रेलर के रिलीज होते ही, दर्शक दो खेमों में बँट गए हैं: ‘टीम जॉली मिश्रा’ और ‘टीम जॉली त्यागी’। लेकिन असली फैसला तो 19 सितंबर को होगा, जब ‘जॉली एलएलबी 3’ सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
इस मज़ेदार कोर्ट रूम कॉमेडी में “सब कुछ जानने वाला” जॉली मिश्रा और “जुगाड़ू” जॉली त्यागी जज त्रिपाठी की अदालत में भिड़ते हैं। चालाक तर्क, शानदार लॉजिक, हास्यास्पद कानूनी लड़ाइयाँ और दिल को छू लेने वाले पल – सब मिलकर इस फ़िल्म को एक अल्टीमेट लीगल शो-डाउन बनाते हैं।

- MP Jankranti News Website: www.mpjankrantinews.in
- Follow MP Jankranti News: Twitter | Facebook | Instagram
- अपने व्हाट्सएप नंबर पर मध्यप्रदेश की भर्तियों स्कूल कॉलेज, सरकारी विभागों की जानकारी प्राप्त करने के लिए आगे दिए दी गई लिंक से व्हाट्सएप पर जुड़े Telegram और WhatsApp चैनल से जुड़ें!