मंडला, 25 सितंबर 2025 (फिरदौस खान)। भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ बड़ी कार्रवाई करते हुए EOW जबलपुर की टीम गुरुवार को मंडला पहुँची और जिला शिक्षा केंद्र के DPC अरविंद विश्वकर्मा को उनकी पत्नी सहित रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। यह मामला कैकया ग्राम में स्थित विद्या निकेतन स्कूल से जुड़ा हुआ है।
प्राप्त तफ़सील के अनुसार, स्कूल संचालक रविकांत नंदा को भवन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ज़रूरी प्रमाण पत्र जारी करवाना था। आरोप है कि इस प्रमाण पत्र को देने के बदले DPC अरविंद विश्वकर्मा ने उनसे 1 लाख 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
EOW की सुनियोजित Trap कार्रवाई
पीड़ित स्कूल संचालक रविकांत नंदा ने इस मामले की शिकायत तुरंत EOW जबलपुर से की। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए, EOW की टीम ने एक सुनियोजित ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। सूत्रों का कहना है कि रिश्वत की पहली किस्त के रूप में ₹50,000 पहले ही आरोपी को दिए जा चुके थे, और दूसरी किस्त के रूप में ₹60,000 की डील तय हुई थी।
गुरुवार को रिश्वत की यह रकम सौंपने का मौक़ा बिंझिया के पास रिलायंस पेट्रोल पंप तय हुआ। जैसे ही रविकांत नंदा ने ₹60,000 का पैकेट अरविंद विश्वकर्मा को सौंपा, आरोपी अधिकारी ने एहतियात के तौर पर तुरंत वह रकम अपनी पत्नी को रखने के लिए दे दी। इसी क्षण EOW की टीम, जो पहले से ही छिपी बैठी थी, ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी दंपत्ति को रंगे हाथ हिरासत में ले लिया। EOW अधिकारियों ने मौक़े से ₹60,000 जब्त कर लिए।

शिक्षा विभाग पर गहरा आघात
DPC और उनकी पत्नी की गिरफ्तारी ने पूरे मंडला के शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अमले को सकते में डाल दिया है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरी निराशा व्यक्त की है। उनका कहना है कि जो अधिकारी बच्चों और शिक्षा व्यवस्था के उत्थान के लिए तैनात हैं, उनका इस तरह पद का दुरुपयोग करना अत्यंत शर्मनाक है। यह घटना दर्शाती है कि आम जनता के काम करवाने के लिए किस तरह भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम जैसे सख्त कानूनों के बावजूद खुलेआम रिश्वत का लेन-देन किया जा रहा है।
EOW जबलपुर ने दोनों आरोपियों के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की पूछताछ के लिए उन्हें जबलपुर ले जाया गया है। टीम की जांच अभी भी जारी है और इस मामले में कुछ और तफ़सील सामने आने की उम्मीद है।
👉 ताज़ा अपडेट और स्थानीय खबरों के लिए जुड़े रहें MP Jankranti News के साथ।
