हॉकी विश्‍व कप में भारत ने जीत के साथ की शुरुआत, स्पेन को 2-0 से हराया

By
On:
Follow Us

 

MP Jankranti News: हॉकी विश्‍व कप में भारत ने विजय के साथ शुरुआत की है। भारतीय टीम ने स्पेन को 2-0 से हराया है। भारत की ओर से अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह ने गोल दागे। अमित रोहिदास प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। इस जीत के साथ भारतीय टीम ग्रुप-डी के अंकतालिका में दूसरे नंबर पर आ गई है। इंग्लैंड नंबर-1 पर है। पिछले मैच में इंग्‍लैंड ने वेल्स को 5-0 से हराया। दूसरी ओर, भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में अर्जेंटीना ने दक्षिण अफ्रीका को 1-0 और ऑस्ट्रेलिया ने फ्रांस को 8-0 से हराया है। भारत का दूसरा मुकाबला अब 15 जनवरी (रविवार) को मजबूत टीम इंग्‍लैंड के खिलाफ होगा।

मैच के पहले क्वार्टर में ही भारत ने स्‍पेन के खिलाफ एक गोल कर दिया। मैच के 12वें मिनट में मिले दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर अमित रोहिदास ने रिबाउंड गोल दागा। हालांकि, टीम ने पेनल्टी पर 2 दफा गोल करने के मौके भी गंवाए हैं। 12वें मिनट में कुनिल पेपे को ग्रीन कार्ड मिला।

दूसरे क्‍वार्टर में हाफ टाइम से पहले स्पेन ने बराबरी करने के लिए खूब प्रयास किए। लेकिन भारतीय डिफेंडरों ने स्‍पेन के प्रयासों को कामयाब नहीं होने दिया। स्‍पेन को 24वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के रूप में बराबरी करने का मौका मिला था, लेकिन स्‍पेन की टीम गोल करने से चूक गई। उसके तुरंत बाद 26वें मिनट में हार्दिक सिंह ने शानदार मैदानी गोल दागते हुए भारत की बढ़त 2-0 कर दी। हॉफ टाइम से ठीक पहले आकाशदीप को ग्रीन कार्ड मिला।

हॉफ टाइम के बाद तीसरे क्‍वार्टर में दोनों टीमों की तरफ से आक्रामक खेल शुरू हो गया। तीसरे क्वार्टर के दूसरे और मैच के 32वें मिनट में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, लेकिन भारतीय कप्तान हरमनप्रीत इस मौके को भुनाने में कामयाब नहीं हो पाए। स्पेन के गोलकीपर रफी एड्रियन ने गोल का शानदार बचाव किया। अगले ही मिनट में रेन मार्क को यलो कार्ड मिला। 37वें और 43वें मिनट में भारत को दो पेनल्टी कॉर्नर भी मिले। लेकिन गोल नहीं आया। चौथे क्वार्टर की शुरुआत में अभिषेक को यलो कार्ड मिला। आखिर के 10 मिनट में भारत ने दो पेनल्टी कॉर्नर दिए। लेकिन स्पेन की टीम गोल करने में नाकाम रही। स्पेन को 53वें और 57वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला।

इंग्लैंड ने वेल्‍स को 5-0 से हराया
ग्रुप डी के पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने वेल्स को 5-0 से हराया है। राउरकेला इंटरनेशनल स्टेडियम के पहले मुकाबले की शुरुआत पार्क निकोलस के गोल के साथ हुई। निकोलस ने पहला मिनट पूरा होने से पहले गोल दाग दिया। उनके अलावा ड्रैग फ्लिकर अंसेल लियाम (27वें और 37वें मिनट ) ने डबल गोल किए। दूसरे हॉफ में रोपर फिल (41वें मिनट) और बंडुरक निकोलस (57वें मिनट) की स्टिक से एक-एक गोल आया।

ऑस्ट्रेलिया की फ्रांस पर बड़ी जीत, 8-0 से हराया
कलिंगा स्टेडियम में दिन के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने एकतरफा जीत दर्ज की। उसने फ्रांस को 8-0 से हराया। ग्रुप-ए के इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की ओर से क्रेग टॉम ( 8वें, 31वें और 44वें मिनट) और हेवर्ड जेरेमी (26वें, 28वें और 38वें मिनट में) ने गोल की हैट्रिक जमाई। इन दोनों के अलावा ओगिल्वी फ्लिन (26वें) और विकम टॉम (53वें) ने एक-एक गोल दागे।

अर्जेंटीना ने जीता ओपनिंग मैच
भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में अर्जेंटीना और दक्षिण अफ्रीका के बीच टूर्नामेंट का पहला मुकाबला खेला गया। ग्रुप ए के इस मुकाबले को रियो ओलिंपिक की चैंपियन अर्जेंटीना ने दक्षिण अफ्रीका को 1-0 से हराया। उसकी ओर से केसिला माइको ने 42वें मिनट में विजयी गोल दागा।

For Feedback - newsmpjankranti@gmail.com

Leave a Comment