नई दिल्ली – कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के हक के लिए एक बड़ी पहल करने जा रही है। 25 जुलाई 2025 को तालकटोरा स्टेडियम, नई दिल्ली में “पिछड़े वर्ग का भागीदारी न्याय महासम्मेलन” आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
इस ऐतिहासिक महासम्मेलन का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग विभाग द्वारा किया गया है, जिसका उद्देश्य सामाजिक न्याय की आवाज़ को और अधिक मुखर करना, ओबीसी समुदाय को शिक्षा, राजनीति और रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में वास्तविक भागीदारी दिलाना और जातिगत जनगणना जैसे ज्वलंत मुद्दों को निर्णायक दिशा में ले जाना है।
राहुल गांधी की प्रतिबद्धता: ओबीसी के हक की लड़ाई
राहुल गांधी का मानना है कि महात्मा फुले, महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के विचारों को साकार करने के लिए ओबीसी वर्ग को उसका हक दिलाना जरूरी है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस हमेशा अन्याय के खिलाफ लड़ती रही है और आज फिर समय आ गया है कि समाज के सबसे वंचित वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के लिए संगठित प्रयास किए जाएं।
अनिल जय हिंद यादव और कांग्रेस नेतृत्व की भूमिका
इस महासम्मेलन को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष अनिल जय हिंद यादव भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में देशभर से सामाजिक न्याय की आवाज़ उठाने वाले प्रतिनिधि, ओबीसी वर्ग के नेता, कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी शामिल होंगे।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष पवन पटेल ने प्रदेश भर के ओबीसी कार्यकर्ताओं और सामाजिक न्याय में विश्वास रखने वाले नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचें और राहुल गांधी के नेतृत्व को मजबूती दें। उन्होंने कहा, “यह महासम्मेलन हमारे हक और अधिकारों के लिए एक ऐतिहासिक पड़ाव है, जिसे हमें अपनी एकता से सफल बनाना है।”