Shahdol News: Jaysinghnagar स्वास्थ्य केंद्र बना वसूली का अड्डा, Birth Certificate के लिए मांगे पैसे; Viral Video

By
On:
Follow Us

शहडोल, 19 सितंबर (ब्रजकिशोर तिवारी)। शहडोल जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहनगर पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगे हैं। स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ कर्मचारियों द्वारा छोटे-से-छोटे काम के लिए भी पैसे वसूलने की बात नई नहीं है, लेकिन अब इसी तरह की एक घटना का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे सरकारी सिस्टम की पोल खोल दी है।

क्या है पूरा मामला? प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयसिंहनगर स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत कर्मचारी विजय दुबे एक बार फिर चर्चा का विषय बने हुए हैं। एक वायरल ऑडियो में, विजय दुबे एक ग्रामीण महिला से फोन पर “काम हो जाएगा, पैसा कम हो जाएगा, देख लेंगे” जैसे शब्दों में बात करते सुनाई दे रहे हैं।

ग्राम पंचायत ढोलर निवासी पूनम सिंह पिता शेषनारायण सिंह ने बताया कि यह पैसों का लेन-देन उनके नवजात के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के एवज में हो रहा था। पूनम सिंह का आरोप है कि कर्मचारी विजय दुबे ने उनसे जन्म प्रमाण पत्र के लिए कुल 1500 रुपये की मांग की थी, जिसमें से 400 रुपये वह पहले ही दे चुके हैं और 1100 रुपये अभी बाकी हैं। उनका आरोप है कि बाकी पैसे दिए बिना उन्हें प्रमाण पत्र नहीं मिलेगा।

अब क्या होगी कार्यवाही? इस वायरल ऑडियो ने स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहनगर की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह ऑडियो स्पष्ट रूप से दिखाता है कि कैसे मुफ्त में मिलने वाली सरकारी सेवाओं के लिए भी आम जनता को पैसे देने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

अब देखने वाली बात यह है कि क्या स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेंगे और आरोपी कर्मचारी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई करेंगे। या फिर, पहले की तरह इस ऑडियो को भी ‘AI जनरेटेड’ बताकर मामले को दबा दिया जाएगा। जनता और जिम्मेदार अधिकारियों पर अब सबकी निगाहें टिकी हैं, क्योंकि यह मामला न केवल एक कर्मचारी की लापरवाही है, बल्कि पूरे सिस्टम में व्याप्त भ्रष्टाचार को भी उजागर करता है।

जयसिंहनगर स्वास्थ्य केंद्र में सामने आया यह मामला इस बात का प्रमाण है कि सरकारी व्यवस्था में सुधार की कितनी आवश्यकता है। अगर ऐसे कर्मचारियों पर लगाम नहीं लगाई गई तो जनता का विश्वास सरकारी सेवाओं से पूरी तरह उठ जाएगा।

रिपोर्ट: ब्रजकिशोर तिवारी, शहडोल 📞 8839159384

👉 ताज़ा अपडेट और स्थानीय खबरों के लिए जुड़े रहें MP Jankranti News के साथ।

Jankranti

MP Jankranti News — मध्यप्रदेश की 7.33 करोड़ जनता की आवाज़। बिना भेदभाव के खबरें, समस्याएं और समाधान सीधे आप तक।

For Feedback - newsmpjankranti@gmail.com

Leave a Comment