
भोपाल। नगर निगम के खंती क्षेत्र में सोमवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब कुछ संगठनों के कार्यकर्ता एक कथित सूचना के आधार पर मौके पर पहुंच गए और वहां खड़े एक ट्रक को लेकर आपत्ति जताई।अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों—विभाग अध्यक्ष सोनू हिंदू, जिला अध्यक्ष अभिजीत शर्मा, जिला उपाध्यक्ष हर्ष संडे, जिला महामंत्री राहुल प्रताप सिंह, जिला मंत्री ओम द्विवेदी एवं आकाश मिश्रा—के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ट्रक में आपत्तिजनक सामग्री लोड की जा रही थी।संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर ट्रक को रुकवाया और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संबंधित व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।वहीं, मौके पर मौजूद अन्य पक्ष का कहना है कि ट्रक में नगर निगम क्षेत्र से संबंधित वेस्ट सामग्री लोड की जा रही थी। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी की स्थिति भी बनी।सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
