भोपाल: एक बार फिर मध्यप्रदेश की राजनीति में धन-बल चर्चा में है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ की प्रॉपर्टी पर सवाल खड़ा किया तो कमलनाथ ने भी पलटवार किया। पूछा- शिवराज बताएं कि मेरी कौन सी कंपनी है? शिवराज व कमलनाथ के आरोप-प्रत्यारोप के बीच मीडिया ने दोनों नेताओं की संपत्ति खंगाली। साथ ही दोनों पार्टी के विधायक और नेताओं की संपत्ति की पड़ताल भी की।
हलफनामे और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट के मुताबिक 2018 के विधानसभा चुनाव में जीतकर आए प्रदेश के 187 विधायक करोड़पति थे। 2013 के चुनाव में यह संख्या 161 रही, जबकि 2008 में केवल 87 विधायक करोड़पति थे। कमलनाथ की प्रॉपर्टी शिवराज से 18 गुना यानी 1800% ज्यादा है, लेकिन शिवराज के विधायकों की प्रॉपर्टी कांग्रेस विधायकों की तुलना में बहुत तेजी से बढ़ी है। करोड़पतियाें की सबसे अधिक संख्या भी भाजपा में है। विधायकों में सबसे ज्यादा अमीर भाजपा विधायक संजय पाठक हैं। वे 226 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के पास 7.66 करोड़ की संपत्ति, खुद की कार नहीं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनावी हलफनामे में खुद और पत्नी साधना सिंह की संपत्ति 7 करोड़ 66 लाख 82 हजार 140 रुपए बताई थी। इसमें से एक करोड़ 31 लाख 32 हजार 140 रुपए चल संपत्ति के तौर पर दर्शाए गए। 6 करोड़ 35 लाख 50 हजार रुपए की कृषि भूमि, आवासीय और व्यवसायिक प्रॉपर्टी बताई गई।
शिवराज सिंह के विदिशा और भोपाल के वल्लभ भवन स्थित बैंक की तीन शाखाओं में बचत खाते हैं। पत्नी साधना सिंह के विदिशा और भोपाल में दो बैंक एकाउंट है। यूलिप और बीमा में भी निवेश है। शपथ पत्र के मुताबिक शिवराज सिंह की आय का स्रोत मुख्यमंत्री पद के वेतन, खेती, किराएदारी और बैंक का ब्याज है। वहीं साधना सिंह की आय का स्रोत खेती, किराया, वेयरहाउस का किराया, डेयरी से आय और बैंक का ब्याज बताया गया है। शिवराज सिंह चौहान ने 2017-18 के आयकर रिटर्न में अपनी आय 19 लाख 70 हजार और पत्नी साधना सिंह की आय 37 लाख 94 हजार रुपए बताई।
पति-पत्नी के पास आधा किलो से अधिक सोना
सीएम शिवराज सिंह के पास 96 ग्राम सोने के जेवर हैं, जिनकी कीमत तीन लाख 10 हजार रुपए है। साधना सिंह के पास 492 ग्राम सोने के जेवरात हैं, जिनकी कीमत 15 लाख 70 हजार रुपए है। शिवराज सिंह के नाम पर कोई कार नहीं है। पत्नी साधना सिंह के नाम पर साल 2000 मॉडल की एक एंबेसेडर कार है, जिसकी बुक वैल्यू केवल एक लाख 53 हजार रुपए है। शिवराज सिंह के पास एक रिवॉल्वर भी है, जिसकी कीमत 5,500 रुपए है।
खेतिहर जमीन, वेयरहाउस और तीन मकान
शिवराज और साधना सिंह के नाम से विदिशा के जैत, बैस और ढोलखेड़ी गांवाें में कृषि और व्यावसायिक भूमि है। इसमें खेती है, वेयर हाउस बने हैं और पॉली हाउस हैं। शिवराज सिंह के नाम पर विदिशा के एसपीएम नगर में 1564 वर्गफीट का एक मकान है। भोपाल के रिवेरा टाउनशिप में हाउसिंग बोर्ड निर्मित एक डुप्लेक्स भी है। साधना सिंह के नाम पर अरेरा कॉलोनी में 534 वर्गफीट के एक फ्लैट की जानकारी दी गई है।
बैंकों का भारी-भरकम कर्ज भी चौहान पर
शिवराज सिंह के नाम पर विदिशा में दो बैंकों में 36 लाख 18 हजार रुपए का कृषि ऋण बकाया था। विदिशा की ही एक बैंक शाखा से बेटे कुणाल सिंह के नाम पर लिया गया 27 लाख रुपए का एजुकेशन लोन भी बकाया था। साधना सिंह की भागीदारी वाली फर्म सुंदर डेयरी ने विदिशा के एक बैंक से 6 करोड़ पांच लाख रुपए का कर्ज लिया था, यह बाकी था। दो लाख 17 हजार रुपए का कृषि ऋण भी बकाया था।