रतलाम जिले में कोटा रेल मंडल के विक्रमगढ़ आलोट और लूणी रीछा स्टेशनों के बीच रविवार सुबह यहां से गुजर रही ट्रेन नंबर 12431 त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में अचानक भीषण आग लग गई. यह दर्दनाक घटना सुबह करीब 5:15 बजे बीच हुई. आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते ट्रेन का थर्ड एसी (3rd AC) और एसएलआर (SLR) कोच जलकर पूरी तरह खाक हो गए. आसमान में उठती आग की लपटों को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया.
कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने आग लगने की घटना की पुष्टि की है. सौरभ जैन का कहना है कि ट्रेन नंबर 12431 त्रिवेंद्रम हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस थी. सूचना मिलने के बाद दुर्घटना ट्रेन कोटा से रवाना कर दी गई है. घटना की सूचना मिलते ही कोटा से दुर्घटना राहत ट्रेन (ARME) रवाना की गई. साथ ही डीआरएम (DRM) अनिल कालरा सहित रेलवे के तमाम आला अधिकारी भारी पुलिस बल और दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंच गए. ट्रेन में आग पर काबू पर पूरी तरह से काबू पा लिया है. यात्रियों के सामानों को भी शिफ्ट किया जा रहा है, आग दो कोच में लगी थी.
आग आसपास के कोच में भी पहुंचती, हालांकि एहतियातन रेलवे ने तत्काल ट्रेन को रोका. ट्रेन में आग लगने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया. यात्रियों में भी अचानक से दहशत फैल गई थी. यात्री ट्रेन के रुकते ही समान लेकर नीचे की तरफ उतारने के लिए दौड़े. हालांकि तत्काल सभी यात्रियों को बाहर सुरक्षित उतार लिया गया है. आग पर दमकल और अन्य उपायों के जरिए काबू पा लिया गया है. हादसे की गंभीरता को देखते हुए रेलवे ने एहतियातन तुरंत बिजली की सप्लाई (ओवरहेड इक्विपमेंट को बंद करवा दिया. इसके चलते इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन फिलहाल पूरी तरह ठप हो गया है.
सीनियर डीसीएम सौरभ जैन बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट का मामला माना जा रहा है. रेलवे ने इस पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय जांच (इंक्वारी) के आदेश दे दिए हैं. एसएलआर कोच में रखे सामान के नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है. आग के संबंध में सबसे पहले रिपोर्ट गार्ड ने ही किया था, जिसके बाद ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक के जरिए रोका गया है. कारण के संबंध में जांच पड़ताल के बाद ही कुछ खुलासा हो पाएगा.
सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि घटनाक्रम के चलते ट्रेन नंबर 12955 मुंबई सेंट्रल जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को महिदपुर रोड स्टेशन पर रोका गया है. रेलवे ट्रैक पर जल्द ही यातायात सुचारु किया जाएगा. बी-1 कोच में सवार यात्रियों के लिए ब्रेकफास्ट का इंतजाम किया गया है. आगे की यात्रा के लिए अन्य कोच में समायोजित करके कोटा तक लाया जा रहा है. कोटा से एक अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा, जिसमें इन यात्रियों को शिफ्ट कर दिया जाएगा.