खंडवा। बढ़ती गैस कीमतों और सिलेंडरों की कमी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को खंडवा के तीन पुलिया क्षेत्र में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से ‘गटर गैस प्लांट’ बनाकर केंद्र सरकार की नीतियों पर कटाक्ष किया और गैस संकट को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रतिभा रघुवंशी ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी भवन से एक साथ रैली के रूप में तीन पुलिया पहुंचे और प्रदर्शन में शामिल हुए।

‘गटर गैस’ के जरिए सरकार पर तंज
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कटाक्ष करते हुए कहा कि महंगाई और गैस सिलेंडर की कमी से परेशान जनता को अब शायद गटर से गैस निकालकर रसोई चलाने की सलाह दी जा रही है।
जिला कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि बढ़ती गैस कीमतों और सिलेंडर संकट को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन जनता को जागरूक करने और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने के उद्देश्य से किया गया।
प्रधानमंत्री के पुराने बयान पर प्रतीकात्मक विरोध
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यह प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस पुराने बयान के संदर्भ में किया गया, जिसमें नाले की गैस से चाय बनाने की बात कही गई थी।
इसी को आधार बनाते हुए कार्यकर्ताओं ने तीन पुलिया के पास एक नाले के ऊपर खाली गैस सिलेंडरों की लाइन लगा दी और पाइप के जरिए प्रतीकात्मक रूप से नाले से गैस निकालने का प्रयास किया। इस अनोखे प्रदर्शन को देखने के लिए आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और यह विरोध चर्चा का विषय बन गया।

कांग्रेस नेताओं ने क्या कहा
इस दौरान प्रतिभा रघुवंशी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि देश और शहर में गैस सिलेंडर की कीमतों और उपलब्धता को लेकर आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए गैस दरों में कमी और आपूर्ति व्यवस्था सुधारने की मांग की।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रचना तिवारी, प्रतिभा कसेरा, मीनू मंडलोई, मीना वर्मा, रूपा कास्डे, दीपक मुल्लू राठौर, चैनसिंह वर्मा, विकास व्यास, इमरान गौरी, यशवंत सिलावट, राजकुमार कैथवास, राजकुमार सराफ, उदय सोनी, वीरेंद्र गौतम, मनोज मंडलोई, दिव्यांश ओझा, असलम गोरी, तारीक पटेल, विशाल जैन, अरविंद कसेरा, वामनराव जाधव, योगेश जांगिड़, आशीष कपिल, वकील नीलकंठ, अबरार खान, नासिर खान, समीर खान, वकील खान, अयान पठान, अयान खान, हन्ना खोखर, शोएब शाह, नमेश बारे, साकीर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#MPJankrantiNews #KhandwaNews #CongressProtest #GasCylinder #LPGPriceHike #MadhyaPradesh #PoliticalNews