नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश परमार ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंद
ताल। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत रविवार को शासकीय चिकित्सालय, ताल में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश परमार ने नवजात एवं छोटे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पहुंचे और उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लिया।
नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश परमार ने कहा कि “पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक का यह दायित्व है कि वह अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को हर बार पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाए। पोलियो से बचाव का एकमात्र प्रभावी उपाय समय पर दी जाने वाली यह खुराक है।
इस दौरान चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिलेभर में पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अस्पतालों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है। साथ ही, जो बच्चे किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस महत्वपूर्ण अभियान से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को हर बार पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं, जिससे “हर बच्चा स्वस्थ, हर घर सुरक्षित और पोलियो मुक्त भारत” के संकल्प को साकार किया जा सके।