जावरा । उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने मंगलवार दोपहर जावरा में शिक्षा विभाग के एक बाबू को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी रिटायर्ड शिक्षक का सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र एवं पीपीओ जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। लोकायुक्त ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उसे कार्यालय में ही ट्रैप किया।
लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल ने बताया कि शिकायतकर्ता लक्ष्मीनारायण लोट, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाटपिपल्या (ब्लॉक जावरा) से 31 मई को उच्च माध्यमिक शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद आवश्यक दस्तावेज एवं पीपीओ जारी कराने के लिए वे लगातार कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे।
इस दौरान जावरा स्थित शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी संकुल केंद्र में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 अनिल वर्मा ने रिटायरमेंट सर्टिफिकेट एवं पीपीओ जारी करने के बदले 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। बाद में सौदा 10 हजार रुपए में तय हुआ।
परेशान होकर रिटायर्ड शिक्षक ने उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत एवं वॉयस सैंपल के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने मंगलवार दोपहर ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 10 हजार रुपए दिए, उसने राशि लेकर अपनी टेबल की दराज में रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दी। इसी दौरान पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया और रिश्वत की राशि बरामद कर ली।
लोकायुक्त ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई में शामिल रहे अधिकारी
ट्रैप कार्रवाई में लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल के नेतृत्व में निरीक्षक हीना डावर, हेड कांस्टेबल हितेश ललावत तथा कांस्टेबल उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर एवं संदीप कदम शामिल रहे।
रिटायर्ड शिक्षक से 10 हजार की रिश्वत लेते शिक्षा विभाग का बाबू लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा
By Manish Bhatt
On: June 9, 2026 11:13 AM
---Advertisement---