इंदौर। पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में स्क्रैप व्यापारी के कर्मचारी से 29.65 लाख रुपये की लूट के सनसनीखेज मामले का इंदौर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 22.60 लाख रुपये नकद, लूट के पैसों से खरीदी गई आई-20 कार और वारदात में इस्तेमाल किया गया सामान बरामद किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले कर्मचारी की कई दिनों तक रेकी की थी। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट वाली एक्टिवा का इस्तेमाल किया गया था।

स्क्रैप व्यापारी के कर्मचारी को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक 11 जून 2026 की रात करीब 8:25 बजे रामचंद्र नगर एक्सटेंशन निवासी 22 वर्षीय मुकुल अग्रवाल विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से भुगतान के रूप में 29 लाख 65 हजार रुपये एकत्र कर दोपहिया वाहन से जा रहे थे। जब वे पंढरीनाथ क्षेत्र स्थित जायसवाल धर्मशाला के पास पहुंचे, तभी एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने मारपीट कर नकदी से भरा बैग छीना और मौके से फरार हो गए। फरियादी ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बदमाश भाग निकले। सूचना मिलते ही पंढरीनाथ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
800 CCTV कैमरों ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर जोन-4 पुलिस की आठ विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटना स्थल और संभावित मार्गों के 800 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी एक संदिग्ध एक्टिवा पुलिस के रडार पर आई। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

Crypto में नुकसान के बाद बनाई लूट की योजना
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी चंद्रशेखर उर्फ चंदू मुकाती ने बताया कि क्रिप्टोकरेंसी में भारी नुकसान और कर्ज के चलते उसने लूट की योजना बनाई थी।
उसने अपने साथियों प्रवीण भंडारी और अमर उर्फ भांजा अहिरवार को फरियादी की रेकी के लिए लगाया था। भुगतान संग्रहण के पहले स्थान से ही तीनों फरियादी का पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।
22.60 लाख नकद और कार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 22 लाख 60 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा लूट के पैसों से खरीदी गई आई-20 कार, फरियादी का बैग, वारदात में इस्तेमाल हेलमेट और अन्य सामान भी जब्त किया गया है।
मुख्य आरोपी चंदू से 10 लाख रुपये नकद और लूटा गया बैग मिला है। अमर के कब्जे से 6 लाख रुपये और आई-20 कार जबकि प्रवीण से 6.60 लाख रुपये नकद और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
- प्रवीण भंडारी (37), निवासी पालदा, इंदौर।
- अमर उर्फ भांजा अहिरवार (42), निवासी परदेशीपुरा, इंदौर।
- चंद्रशेखर उर्फ चंदू मुकाती (43), निवासी ग्राम सन्नोद, देवास।
पुलिस ने शेष राशि की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के लिए आरोपियों का रिमांड लिया है।
जोन-4 पुलिस की इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल, सहायक पुलिस आयुक्त विजय तिवारी, थाना प्रभारी सतीश पटेल और विशेष टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।